संवाददाता, सच का दस्तक
हरिद्वार (ज्वालापुर)।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के बाद ड्रग विभाग ने ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध दवा बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। आयुक्त FDA डॉ. आर. राजेश कुमार के कड़े निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई अमल में लाई गई, जिससे स्वास्थ्य नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि धर्मनगरी हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित पीठ बाजार क्षेत्र में संचालित सुपर हेल्थ मेडिकोज नामक मेडिकल स्टोर पर नियमों को ताक पर रखकर दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ड्रग विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया और जांच के आदेश जारी किए।
ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित मेडिकल स्टोर की गहन जांच की। जांच के दौरान दवाओं के रख-रखाव, बिक्री से जुड़े दस्तावेज, लाइसेंस की वैधता, स्टॉक रजिस्टर और दवा वितरण की प्रक्रिया की बारीकी से पड़ताल की गई। टीम ने यह भी देखा कि बिना चिकित्सकीय पर्ची के दवाएं तो नहीं बेची जा रही हैं और दवाओं की एक्सपायरी व गुणवत्ता मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताओं की पुष्टि होने पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध दवा बिक्री या अनियमितताओं की सूचना तुरंत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन या विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।