उत्तराखंड

उत्तराखंड में टोल से गुजरने वाले सावधानः e-Detection प्रणाली के माध्यम से दस्तावेजों की होगी जांच, बिना रोके कटेगा ई.चालान

Published on

संवाददाता, सच का दस्तक, देहरादून
देहरादून – उत्तराखंड में परिवहन नियमों के उल्लंघन पर अब वाहन चालकों को बचना आसान नहीं होगा। राज्य में 19 जनवरी 2026 से ई-डिटेक्शन (e-Detection) प्रणाली को औपचारिक रूप से लागू किया जा रहा है। इस आधुनिक डिजिटल सिस्टम के तहत जैसे ही कोई वाहन राज्य की सीमा में स्थित टोल प्लाजा से गुजरेगा, उसके दस्तावेजों की ऑटोमैटिक जांच हो जाएगी। किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर बिना वाहन रोके सीधे ई-चालान जनरेट कर दिया जाएगा।
यह प्रणाली FASTag और वाहन नंबर के जरिए वाहन की पहचान करती है और भारत सरकार के परिवहन मंत्रालय के VAHAN राष्ट्रीय डाटाबेस से रियल-टाइम कनेक्ट होकर यह जांच करती है कि वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज वैध हैं या नहीं।
इन दस्तावेजों की होगी स्वतः जांच
ई-डिटेक्शन सिस्टम के पहले चरण में निम्नलिखित दस्तावेजों की जांच की जाएगी—
परमिट
बीमा प्रमाणपत्र
फिटनेस सर्टिफिकेट
प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC)
रोड टैक्स

यदि इनमें से कोई भी दस्तावेज एक्सपायर, अवैध या मौजूद नहीं पाया गया, तो वाहन को डिफॉल्टर घोषित करते हुए तुरंत ई-चालान काट दिया जाएगा।
15 साल से पुराने वाहन भी रडार पर
यह सिस्टम 15 साल या उससे अधिक पुराने वाहनों पर भी विशेष नजर रखेगा, खासतौर पर उन वाहनों पर जिनकी आरसी नवीनीकरण या फिटनेस समय पर नहीं कराई गई है।
इन 7 टोल प्लाजा पर शुरू हुई ई-निगरानी
फिलहाल राज्य के 7 प्रमुख टोल प्लाजा को ई-डिटेक्शन सिस्टम से जोड़ा गया है—
बहादराबाद टोल प्लाजा, हरिद्वार
भगवानपुर टोल प्लाजा, हरिद्वार
लच्छीवाला टोल प्लाजा, देहरादून
जगतापुर पट्टी टोल प्लाजा, ऊधमसिंह नगर
बनुषी टोल प्लाजा, ऊधमसिंह नगर
नगला टोल प्लाजा, ऊधमसिंह नगर
देवरिया टोल प्लाजा, ऊधमसिंह नगर
आने वाले समय में इस व्यवस्था को अन्य टोल और प्रमुख मार्गों तक विस्तारित करने की योजना है।

उल्लंघन पर क्या होगी कार्रवाई?
दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलते ही ऑटोमैटिक ई-चालान जनरेट होगा
वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भेजा जाएगा
SMS में उल्लंघन का विवरण, चालान राशि और ऑनलाइन भुगतान लिंक मिलेगा
भुगतान echallan.parivahan.gov.in या दिए गए डिजिटल लिंक से किया जा सकेगा।

ट्रायल में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

उप परिवहन आयुक्त शैलेश कुमार तिवारी के अनुसार, 17 जनवरी को इस सिस्टम का मैनुअल ट्रायल किया गया था।
एक दिन में 7 टोल प्लाजा से 49,060 वाहनों का डेटा सिस्टम को प्राप्त हुआ
इनमें से 1569 वाहन ऐसे पाए गए, जिनके परमिट और फिटनेस समाप्त हो चुके थे।

डाटाबेस से सफल मिलान के बाद ट्रायल को पूरी तरह सफल माना गया और इसके बाद 19 जनवरी से ऑटो मोड में लागू करने का फैसला लिया गया।

क्यों खास है e-Detection प्रणाली?

सड़कों पर वाहन रोककर जांच की जरूरत नहीं
ट्रैफिक जाम से राहत
मानवीय हस्तक्षेप और पक्षपात की संभावना खत्म
केवल वैध और सुरक्षित वाहन ही सड़कों पर चलेंगे
सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद

पहले से कई राज्यों में लागू
गौरतलब है कि यह प्रणाली पहले ही ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में प्रभावी रूप से लागू की जा चुकी है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को इसे अपनाने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड में इसका लागू होना डिजिटल ट्रैफिक निगरानी की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ नियमों का सख्ती से पालन होगा, बल्कि आम लोगों को भी सुरक्षित और सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version